शुगर में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? पूरी डाइट गाइड- Sugar me Kya Khana Chahiye

शुगर में क्या खाना चाहिए - Sugar me Kya Khana Chahiye

शुगर की बीमारी अब घर-घर की कहानी बन चुकी है। कभी दादी-नानी को, कभी पापा को, तो कभी उम्र से पहले ही जवान लोगों को भी यह समस्या घेर लेती है। और जब रिपोर्ट में शुगर हाई आती है, तो सबसे पहला सवाल यही मन में आता है, अब खाऊं क्या?

भारत में इस वक्त करीब हर 10 में से 1 वयस्क डायबिटीज से जूझ रहा है, और सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि सही जानकारी की जगह लोग अफवाहों और अधूरी सलाह पर चलते हैं। कोई कहता है चावल मत छूना, कोई कहता है फल बंद कर दो, तो कोई घर के नुस्खों की लंबी लिस्ट थमा देता है। नतीजा यह होता है कि या तो मरीज बहुत ज्यादा परहेज करके कमजोर पड़ जाता है, या फिर लापरवाही से शुगर लगातार बढ़ती रहती है।

सच्चाई यह है कि डायबिटीज में खाना पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं, बल्कि सही चीज़, सही मात्रा और सही समय पर खाने की समझ चाहिए। इस गाइड में हम बताएंगे कि शुगर में क्या खाना चाहिए (sugar me kya khana chahiye), कौन से फल फायदेमंद हैं और कौन से नुकसानदेह, चावल खाया जाए या नहीं।

मुख्य बातें (Key Takeaways):

  • साबुत अनाज, हरी सब्जियां और दालें डाइट का मुख्य हिस्सा बनाएं
  • सेब, जामुन, अमरूद जैसे कम मीठे फल चुनें, आम-अंगूर से बचें
  • सफेद चावल की जगह ब्राउन राइस लें, वो भी सीमित मात्रा में
  • मिठाई, मैदा और तली-भुनी चीजों से पूरी तरह परहेज करें
  • रोजाना वॉक, पूरी नींद और तनाव कम करना डाइट जितना ही जरूरी है
  • डाइट में कोई बदलाव करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें


विषय-सूची (Table of Contents)

  • शुगर में क्या खाना चाहिए?
  • शुगर में कौन से फल खाने चाहिए?
  • शुगर में ताकत के लिए क्या खाना चाहिए?
  • शुगर के मरीज को सुबह खाली पेट क्या खाना चाहिए?
  • शुगर में क्या नहीं खाना चाहिए?
  • शुगर में चावल खाना चाहिए या नहीं?
  • शुगर में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं: एक संक्षिप्त नज़र
  • शुगर पेशेंट के लिए एक दिन का सिंपल डाइट चार्ट
  • शुगर का घरेलु उपचार
  • निष्कर्ष
  • अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

शुगर में क्या खाना चाहिए? (Sugar Me Kya Khana Chahiye)

डायबिटीज में खाने का पूरा खेल इस बात पर टिका है कि खाना कितनी तेजी से ब्लड में ग्लूकोज छोड़ता है। जो चीजें धीरे-धीरे पचती हैं, वो शुगर स्पाइक नहीं करतीं, यही असली फॉर्मूला है।

1. साबुत अनाज (Whole Grains)

सफेद चावल और मैदे की जगह साबुत अनाज जैसे जौ, ज्वार, बाजरा, रागी और ओट्स को डाइट में शामिल करें। इनमें फाइबर ज्यादा होता है, जो शुगर को धीरे-धीरे अवशोषित करने में मदद करता है।

2. हरी सब्जियां

पालक, मेथी, लौकी, तोरई, करेला, भिंडी और पत्तागोभी जैसी सब्जियां शुगर के मरीजों के लिए बहुत अच्छी मानी जाती हैं। करेले में मौजूद तत्व नेचुरल तरीके से ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद करते हैं।

3. दालें और फलियां

मूंग दाल, चना, राजमा और अन्य दालें प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत हैं। ये पेट भरा हुआ महसूस कराती हैं और शुगर स्पाइक नहीं करतीं।

4. लो-फैट डेयरी प्रोडक्ट्स

टोंड दूध, दही और पनीर सीमित मात्रा में लिया जा सकता है। ये कैल्शियम और प्रोटीन देते हैं बिना शुगर लेवल बढ़ाए।

5. ड्राई फ्रूट्स (सीमित मात्रा में)

बादाम, अखरोट और अलसी के बीज शुगर पेशेंट के लिए अच्छे snacks हैं। इन्हें रोजाना थोड़ी मात्रा में लिया जा सकता है।

6. दालचीनी और मेथी दाना

कई लोग घरेलू उपाय के तौर पर दालचीनी पाउडर या भीगे हुए मेथी दाने का पानी पीते हैं, जो नेचुरल तरीके से शुगर कंट्रोल में सहायक माना जाता है।

शुगर में कौन से फल खाने चाहिए?

फलों को लेकर सबसे ज्यादा गलतफहमी है। लोग सोचते हैं फल तो हेल्दी होते ही हैं, तो शुगर में भी खा लेंगे, पर यहीं थोड़ी सावधानी चाहिए।

सेब सबसे सुरक्षित फलों में गिना जाता है। छिलके सहित खाया जाए तो फाइबर भी मिलता है।

जामुन का मौसम आए तो इसे जरूर खाएं, पुराने समय से ही इसे शुगर के लिए फायदेमंद माना गया है।

अमरूद, पपीता और नाशपाती भी अच्छे विकल्प हैं , इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और पेट के लिए भी हल्के होते हैं।

संतरा या मौसमी खाना हो तो पूरा फल खाएं, जूस बनाकर नहीं, जूस में फाइबर निकल जाता है और शुगर सीधा असर करती है।

फल खाने का सही समय भी मायने रखता है, सुबह या दोपहर के आसपास खाएं, रात में फल खाने से बचना ही बेहतर रहता है।

शुगर में ताकत के लिए क्या खाना चाहिए?

अक्सर घर के बुजुर्ग यह सोचकर परेशान हो जाते हैं कि परहेज करते-करते शरीर कमजोर पड़ जाएगा। लेकिन सच यह है कि सही चीजें खाकर ताकत बनी रह सकती है, बस मीठे की जगह प्रोटीन पर फोकस करना होगा।

अंडा एक बेहतरीन विकल्प है, इससे शुगर पर कोई असर नहीं पड़ता और प्रोटीन भरपूर मिलता है।

मूंगफली और बादाम भी एनर्जी देते हैं।

दालें और स्प्राउट्स रोज की डाइट में शामिल कर लें। ये मसल्स के लिए अच्छे माने जाते हैं।

जो लोग नॉन-वेज खाते हैं, वे मछली को शामिल कर सकते हैं , इसमें ओमेगा-3 भरपूर होता है।

सुबह के नाश्ते में ओट्स या दलिया भी दिनभर एनर्जी बनाए रखने में मदद करता है।

शुगर में सुबह क्या खाना चाहिए (खाली पेट)?

सुबह का पहला निवाला ही तय कर देता है कि दिनभर शुगर कैसा रहेगा। इसलिए इस वक्त थोड़ा संभलकर खाना चाहिए।

  • भीगे हुए मेथी दाने का पानीखाली पेट पीने से शुगर कंट्रोल में मदद मिलती है
  • भीगे हुए बादाम और अखरोट4-5 बादाम और 2 अखरोट काफी हैं
  • गुनगुना पानी नींबू के साथ
  • करेले का जूस (सीमित मात्रा में, डॉक्टर की सलाह से)
  • ओट्स या दलिया हल्का नाश्ता जो शुगर स्पाइक नहीं करता

जो चीज खाली पेट बिल्कुल नहीं लेनी चाहिए, वो है चाय के साथ बिस्किट या मीठी चीजें, इससे शुरुआत में ही शुगर उछल जाती है।

शुगर में क्या नहीं खाना चाहिए? (Sugar Me Kya Nahi Khana Chahiye)

कुछ चीजें ऐसी हैं जिनसे साफ तौर पर दूरी बना लेनी चाहिए:

  • मिठाई, केक, चॉकलेट और पेस्ट्री जैसी चीजें
  • सफेद चीनी और गुड़, दोनों ही शुगर तेजी से बढ़ाते हैं
  • मैदे से बनी चीजें , ब्रेड, बिस्किट, समोसा, कचौरी
  • तला-भुना खाना, जैसे पूरी, पकौड़े, चिप्स
  • कोल्ड ड्रिंक और पैकेज्ड फ्रूट जूस , इनमें छिपी शुगर सबसे ज्यादा नुकसान करती है
  • ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड, इससे ब्लड प्रेशर भी बिगड़ सकता है

इन चीजों को पूरी तरह छोड़ने की बजाय, कभी-कभार बहुत थोड़ी मात्रा में लेने की सोच रखें, तो लंबे समय तक डाइट फॉलो करना आसान लगता है।

शुगर में कौन-कौन से फल नहीं खाने चाहिए?

अब बात करें उन फलों की जिनसे थोड़ी दूरी बनानी चाहिए।

आम का सीजन आते ही मन ललचाता है, पर डायबिटीज में इससे बचना ही समझदारी है, इसमें नेचुरल शुगर की मात्रा काफी ज्यादा होती है। पका केला भी इसी लिस्ट में आता है।

अंगूर, चीकू और लीची जैसे मीठे फल भी शुगर को तेजी से बढ़ा सकते हैं। तरबूज में पानी तो बहुत होता है, पर इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा है, इसलिए एक-दो टुकड़ों से ज्यादा न खाएं।

बिल्कुल मन बेकाबू हो तो डॉक्टर से पूछकर बहुत ही कम मात्रा में लिया जा सकता है, रोज की आदत नहीं बनानी चाहिए।

शुगर में चावल खाना चाहिए या नहीं?

यह शायद सबसे कॉमन सवाल है जो हर दूसरा शुगर पेशेंट पूछता है। जवाब है, बिल्कुल बंद करने की जरूरत नहीं, लेकिन तरीका बदलना पड़ेगा।

सफेद चावल जल्दी पचता है और शुगर को तेजी से ऊपर ले जाता है, इसलिए इसकी मात्रा सीमित रखनी चाहिए। अगर चावल खाने का बहुत मन हो तो ब्राउन राइस अपनाएं, इसमें फाइबर ज्यादा होता है, तो असर धीमा पड़ता है।

एक ट्रिक और है जो कम लोग जानते हैं, चावल पकाने के बाद उसे थोड़ी देर ठंडा होने दें और फिर खाएं, इससे उसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स थोड़ा कम हो जाता है। साथ ही चावल को हमेशा दाल और सब्जियों के साथ मिलाकर खाएं, अकेले चावल की बड़ी प्लेट खाने से बचें।

शुगर में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं: एक संक्षिप्त नज़र (Sugar Patients ko Kya Khana Chahiye aur Kya Nahi)

नीचे हमने एक आसान टेबल के रूप में उन चीज़ों की लिस्ट दी है जिन्हें शुगर की समस्या होने पर आपको खाना चाहिए या नहीं खाना चाहिए, इसलिए उन्हें ज़रूर देखें।

क्या खाएं

क्या न खाएं

जौ, बाजरा, ज्वार, रागी, ब्राउन राइस, ओट्स

सफेद चावल, मैदा, सफेद ब्रेड

करेला, लौकी, तोरई, भिंडी, पालक, मेथी, पत्तागोभी

आलू (ज्यादा मात्रा में), अरबी ज्यादा मात्रा में

अंडा, मछली, मूंगफली

ज्यादा तली हुई दालें जैसे दाल पकौड़े

मूंग दाल, चना, राजमा, स्प्राउट्स

आम, पका केला, अंगूर, चीकू, लीची, तरबूज (ज्यादा मात्रा में)

सेब, जामुन, अमरूद, पपीता, नाशपाती, संतरा

फुल क्रीम दूध, मीठा फ्लेवर्ड दही, आइसक्रीम

टोंड दूध, लो-फैट दही, पनीर (सीमित मात्रा)

किशमिश, खजूर (ज्यादा मात्रा में)

बादाम, अखरोट, अलसी के बीज

तला हुआ मीट, प्रोसेस्ड मीट

दालचीनी, मेथी दाना, नीम की पत्तियां

ज्यादा नमक, ज्यादा तेल-घी

नींबू पानी, ग्रीन टी, मेथी का पानी, नारियल पानी (सीमित)

कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस, मीठी चाय-कॉफी

भुना चना, मखाना, स्प्राउट्स चाट


समोसा, कचौरी, चिप्स, बिस्किट

गुड़ (बहुत सीमित मात्रा), स्टीविया

सफेद चीनी, मिठाई, केक, चॉकलेट, पेस्ट्री

उबालकर, भाप में पकाकर या ग्रिल करके बना खाना

डीप फ्राई या ज्यादा तेल में तला हुआ खाना

शुगर पेशेंट के लिए एक दिन का सिंपल डाइट चार्ट

बहुत से लोग सिर्फ यह जानना चाहते हैं कि दिनभर में किस टाइम क्या खाएं, ताकि रोजाना की प्लानिंग आसान हो जाए। नीचे एक आसान और फॉलो करने लायक डाइट चार्ट दिया गया है, जिसे आप अपनी जरूरत के हिसाब से थोड़ा-बहुत बदल भी सकते हैं।

सुबह खाली पेट (6:00 - 7:00 बजे)

  • भीगे हुए मेथी दाने का पानी या गुनगुना नींबू पानी
  • 4-5 भीगे हुए बादाम और 2 अखरोट

नाश्ता (8:00 - 9:00 बजे)

  • ओट्स/दलिया या मल्टीग्रेन रोटी के साथ हरी सब्जी
  • एक उबला अंडा या स्प्राउट्स
  • बिना चीनी की चाय/ग्रीन टी

दोपहर का खाना (1:00 - 2:00 बजे)

  • 1-2 मल्टीग्रेन रोटी (जौ/बाजरा/ज्वार)
  • हरी सब्जी (करेला, लौकी, तोरई, भिंडी में से कोई एक)
  • कटोरी भर दाल
  • छोटी कटोरी दही (लो-फैट)

शाम का नाश्ता (4:00 - 5:00 बजे)

  • भुना चना या मखाना
  • ग्रीन टी या ब्लैक कॉफी (बिना चीनी)
  • मौसमी फल (सेब/अमरूद/जामुन)

रात का खाना (7:00 - 8:00 बजे)

  • हल्की रोटी और सब्जी
  • दाल या पनीर की थोड़ी मात्रा
  • सलाद (खीरा, टमाटर, गाजर)

सोने से पहले (9:30 - 10:00 बजे)

  • गुनगुना दूध (टोंड, बिना चीनी) — अगर पचता हो

ध्यान रखने वाली बातें:

  • हर 2-3 घंटे में कुछ हल्का खाते रहें, लंबे समय तक भूखा न रहें
  • रात का खाना सोने से कम से कम 2 घंटे पहले खा लें
  • पानी दिनभर पर्याप्त मात्रा में पिएं
  • यह चार्ट सामान्य गाइडलाइन है, अपनी दवाई और शुगर लेवल के हिसाब से डॉक्टर से पर्सनलाइज़्ड चार्ट जरूर बनवाएं

शुगर का घरेलु उपचार (Sugar ka Gharelu Upchar)

दवाइयों के साथ-साथ कुछ घरेलू नुस्खे भी असर दिखाते हैं, बशर्ते इन्हें सही तरीके से अपनाया जाए।

  • करेले का जूस सुबह खाली पेट थोड़ी मात्रा में लिया जा सकता है।
  • मेथी दाना रातभर भिगोकर सुबह पानी सहित खाया जाए तो फायदा मिलता है।
  • दालचीनी पाउडर गुनगुने पानी में मिलाकर पीना भी पुराना नुस्खा है।
  • नीम की पत्तियां और अलसी के बीज भी पारंपरिक रूप से इस्तेमाल होते आए हैं।

पर एक बात याद रखें, ये घरेलू उपाय दवाई की जगह नहीं ले सकते, इन्हें साथ में अपनाया जा सकता है, दवाई बंद करके नहीं।

निष्कर्ष

डायबिटीज कोई ऐसी बीमारी नहीं है जिससे जिंदगी थम जाए। थोड़ा अनुशासन, सही खान-पान और नियमित एक्सरसाइज अपनाकर इसे बड़े आराम से मैनेज किया जा सकता है। साबुत अनाज, हरी सब्जियां, दालें और सीमित फल डाइट में शामिल करें, वहीं मीठा, सफेद चावल और तला-भुना खाना जितना हो सके उतना कम करें।

बस एक बात हमेशा ध्यान रखें , हर शरीर अलग तरीके से रिएक्ट करता है, इसलिए यहां दी गई बातों को सामान्य गाइड की तरह लें, और अपनी डाइट में कोई भी बड़ा बदलाव करने से पहले डॉक्टर से जरूर सलाह लें।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है और यह डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। किसी भी डाइट या घरेलू उपाय को अपनाने से पहले कृपया अपने डॉक्टर या डायटीशियन से सलाह जरूर लें। लेख में दी गई जानकारी के आधार पर उठाए गए किसी भी कदम के लिए लेखक या वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ):

Q1. शुगर में कौन से फल खाने चाहिए?

Ans: सेब, जामुन, अमरूद, पपीता और नाशपाती जैसे फल सीमित मात्रा में खाए जा सकते हैं, इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है।

Q2. शुगर में चावल खाना चाहिए कि नहीं?

Ans: सफेद चावल की मात्रा सीमित रखनी चाहिए। ब्राउन राइस बेहतर विकल्प है, और इसे हमेशा सब्जी-दाल के साथ खाएं।

Q3. शुगर में कौन कौन से फल नहीं खाने चाहिए?

Ans: आम, पका केला, अंगूर, चीकू और लीची जैसे ज्यादा मीठे फलों से बचना चाहिए।

Q4.शुगर के मरीज को ताकत के लिए क्या खाना चाहिए?

Ans: अंडा, मूंगफली, बादाम, दालें, पनीर और दही जैसे प्रोटीन युक्त फूड्स ताकत बनाए रखते हैं।

Q5.शुगर बढ़ जाए तो क्या करना चाहिए?

Ans: पानी पिएं, हल्की वॉक करें, मीठी चीजें तुरंत बंद करें, और लेवल ज्यादा बढ़ा हो तो डॉक्टर से संपर्क करें।

Q6.शुगर के मरीज को सुबह खाली पेट क्या खाना चाहिए?

Ans: मेथी दाने का पानी, भीगे बादाम-अखरोट या ओट्स जैसे हल्के फूड्स सुबह खाली पेट अच्छे रहते हैं।

Back to blog

Dr. Prachi Sharma Vats – Ayurvedic Physician, Author & Wellness Expert

Dr. Prachi Sharma Vats is a dedicated Ayurvedic physician specializing in Ayurvedic nutrition, women’s hormonal health, and PCOD management. She holds a Bachelor of Ayurvedic Medicine and Surgery (BAMS) degree from Shri Krishna AYUSH University, Kurukshetra.

Currently associated with Sheopal’s, a leading Ayurvedic and wellness brand, Dr. Prachi focuses on treating lifestyle related disorders through holistic Ayurvedic practices, personalized diet guidance, and natural healing therapies. Her approach blends classical Ayurvedic wisdom with modern health insights to promote sustainable well-being.

Thoughts on "शुगर में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? पूरी डाइट गाइड- Sugar me Kya Khana Chahiye"

Leave a comment

Recent Post

शुगर में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? पूरी डाइट गाइड- Sugar me Kya Khana Chahiye

शुगर में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? पूरी डाइट गाइड- Sugar me Kya Khana Chahiye

Sep 17, 26

लिवर को स्वस्थ कैसे रखें? मजबूत लिवर के लिए डाइट और सरल घरेलू उपाय - Liver Ko Swasth Kaise Rakhen

लिवर को स्वस्थ कैसे रखें? मजबूत लिवर के लिए डाइट और सरल घरेलू उपाय - Liver Ko Swasth Kaise Rakhen

Sep 12, 26

शुगर लेवल कम करने के उपाय और आयुर्वेदिक तरीके - Sugar Level Kam Karne Ke Upay

शुगर लेवल कम करने के उपाय और आयुर्वेदिक तरीके - Sugar Level Kam Karne Ke Upay

Aug 22, 26

Best Seller

50%OFF Sheopal's LiverX Factor Capsule
LiverX Factor | Ayurvedic Liver Care Capsules | 60 Caps
₹ 999.00₹ 1,990.00
₹ 899.10 Prepaid
23%OFF Sheopal’s Slimo Capsules
Slimo Capsules | Daily Weight Wellness Support | 60 Capsules
₹ 1,990.00₹ 2,595.00
₹ 1,791.00 Prepaid